मुरादाबाद में आग लगी तो फायर टीम बनी ढाल, 15 फायर टेंडरों और वाटर वाउजर से बुझाई आग, कोई जनहानि नहीं

मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र स्थित आरएच इंटरनेशनल में मंगलवार को करीब सुबह 11:30 बजे अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम पूरी तत्परता के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग ने मोर्चा संभाला। एफएसओ ज्ञान प्रकाश शर्मा और एफएसएसओ मोहित कुमार की अगुवाई में फायर टीम ने आग पर काबू पाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी।

आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर 15 फायर टेंडर और वाटर वाउजर लगाए गए। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने के साथ ही उसे नियंत्रित करने का प्रयास किया। टीम की तत्परता और लगातार किए गए अग्निशमन कार्य के चलते आग पर प्रभावी ढंग से काबू पाया गया।

सबसे राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी व्यक्ति की जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली।

मौके पर मौजूद फायर टीम ने पूरी सतर्कता के साथ आग बुझाने के साथ आसपास के क्षेत्र को भी सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी ने एक बार फिर आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और टीमवर्क की मिसाल पेश की।