उत्तर पश्चिम रेलवे ने अप्रैल से अगस्त तक 8.22 करोड़ यात्रियों को पहुंचाया गंतव्य तक

उत्तर पश्चिम रेलवे ने अप्रैल से अगस्त तक 8.22 करोड़ यात्रियों को पहुंचाया गंतव्य तक

यात्रियों की संख्या में 5.29 प्रतिशत और आय में 10.34 प्रतिशत की बढ़ोतरी

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक, आरामदायक और समयबद्ध रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार यात्री सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। यात्रियों की मांग के अनुरूप नई रेलसेवाओं का संचालन, ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी तथा त्योहारों और विशेष अवसरों पर मेला एवं विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अगस्त 2026 तक करीब 8.22 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में यात्रियों की संख्या में 5.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

इस अवधि में यात्री परिवहन से उत्तर पश्चिम रेलवे को 1,647.60 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में प्राप्त 1,493.18 करोड़ रुपये की तुलना में 10.34 प्रतिशत अधिक है।

अगस्त में 1.70 करोड़ यात्रियों ने किया सफर

केवल अगस्त 2026 में उत्तर पश्चिम रेलवे ने करीब 1.70 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया। इस दौरान यात्री परिवहन से रेलवे को करीब 343 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई, जो पिछले वर्ष अगस्त की तुलना में 2.40 प्रतिशत अधिक है।

उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की बढ़ती संख्या और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेल सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को हर स्तर पर सुरक्षित, सुगम, आरामदायक और बेहतर रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।