रामदेवरा मेले के लिए लालगढ़ से चलेंगी दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें 19 से 22 सितंबर तक यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त रेल सुविधा, कोलायत और फलोदी में ठहराव

बीकानेर। रामदेवरा मेले के दौरान बढ़ने वाले यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए लालगढ़ से रामदेवरा के बीच दो जोड़ी मेला स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन करने का निर्णय लिया है। दोनों जोड़ी रेलसेवाएं 19 से 22 सितंबर 2026 तक कुल चार-चार फेरे लगाएंगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04751 लालगढ़-रामदेवरा मेला स्पेशल 19 से 22 सितंबर तक लालगढ़ से सुबह 4 बजे रवाना होकर 7:20 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04752 रामदेवरा-लालगढ़ मेला स्पेशल रामदेवरा से सुबह 7:35 बजे रवाना होकर 11 बजे लालगढ़ पहुंचेगी। यह ट्रेन कोलायत और फलोदी स्टेशनों पर ठहरेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04753 लालगढ़-रामदेवरा मेला स्पेशल लालगढ़ से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर शाम 4:50 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04754 रामदेवरा-लालगढ़ मेला स्पेशल रामदेवरा से शाम 5:10 बजे रवाना होकर रात 8:45 बजे लालगढ़ पहुंचेगी। इस रेलसेवा का ठहराव भी कोलायत और फलोदी स्टेशनों पर रहेगा।

दोनों मेला स्पेशल रेलसेवाओं में 8 साधारण श्रेणी के डिब्बे और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 10 डिब्बे होंगे। इन ट्रेनों के संचालन से रामदेवरा मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।