गुजरात को 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं की सौगात, 8 सितंबर को प्रधानमंत्री करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन

अहमदाबाद। गुजरात में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में 8 सितंबर का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेल परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान इन परियोजनाओं की प्रगति और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।

डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर होगा राष्ट्र को समर्पित

रेल मंत्री ने बताया कि ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर देश के माल परिवहन तंत्र की महत्वपूर्ण रीढ़ के रूप में विकसित हुए हैं। परियोजना का कार्य पूरा हो चुका है और 8 सितंबर को प्रधानमंत्री इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जेएनपीटी से दादरी तक तथा ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर लुधियाना से प्रयागराज के आगे सोननगर तक मालगाड़ियों के लिए तेज और समर्पित रेल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगा। हाल में पूरे किए गए तीन महत्वपूर्ण खंडों को भी इस अवसर पर राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।

वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन का शिलान्यास

रेल मंत्री ने बताया कि वडोदरा-रतलाम रेल मार्ग की तीसरी और चौथी रेल लाइन के कार्य का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा। रेल लाइन की क्षमता बढ़ने से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यात्री और मालगाड़ियों के संचालन को गति मिलेगी तथा भविष्य में रेल यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा मियागाम करजन-चोरंदा-मालसर आमान परिवर्तन और विश्वामित्री-डभोई दोहरीकरण परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा।

बुलेट ट्रेन परियोजना में तेजी

मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना की प्रगति पर रेल मंत्री ने कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना का काम तेज गति से आगे बढ़ रहा है। आने वाले वर्ष में सूरत-बिलिमोरा खंड को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि वापी से सूरत तक सिविल निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। बुलेट ट्रेन के कोचों का निर्माण भी तेजी से चल रहा है और परीक्षण के लिए तैयार किया जाने वाला पहला कोच बनकर तैयार हो चुका है। रेल मंत्री ने उम्मीद जताई कि अगले वर्ष देशवासी इस आधुनिक हाई स्पीड रेल सेवा का अनुभव कर सकेंगे।

गुजरात में नई रेल लाइन और यात्री सेवा का भी होगा शुभारंभ

8 सितंबर को जोबट-टांडा रोड नई रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही टांडा रोड-वडोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।

वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार नई मालगाड़ियों को भी रवाना किया जाएगा। इससे गुजरात में माल परिवहन की क्षमता और गति बढ़ने की उम्मीद है।

रेलवे की इन परियोजनाओं से गुजरात के रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी, नए क्षेत्रों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी और यात्री तथा माल परिवहन अधिक तेज एवं सुगम होगा। रेल प्रशासन के अनुसार, ये परियोजनाएं गुजरात के रेल बुनियादी ढांचे के विस्तार और आधुनिकीकरण के साथ देश के विकसित रेल नेटवर्क के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।