प्रयागराज की जगह अब नारायणपुर बाजार से दिल्ली के लिए चलेगी ट्रेन, सप्ताह में तीन दिन मिलेगा सीधा सफर

प्रयागराज की जगह अब नारायणपुर बाजार से दिल्ली के लिए चलेगी ट्रेन, सप्ताह में तीन दिन मिलेगा सीधा सफर

त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत, दादरी तक चलेगी सुपरफास्ट विशेष ट्रेन; मिर्जापुर, चुनार और मेजा रोड पर भी ठहराव

प्रयागराज। त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। प्रयागराज-दादरी सुपरफास्ट विशेष ट्रेन का विस्तार करते हुए इसे सप्ताह में तीन दिन नारायणपुर बाजार-दादरी के बीच संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इस व्यवस्था से नारायणपुर बाजार और आसपास के ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर की ओर सीधे रेल संपर्क की सुविधा मिलेगी।

संशोधित व्यवस्था के तहत ट्रेन संख्या 02417/02418 प्रयागराज-दादरी विशेष सप्ताह में चार दिन प्रयागराज से चलेगी, जबकि शेष तीन दिन यह ट्रेन 04163/04164 नारायणपुर बाजार-दादरी सुपरफास्ट विशेष के रूप में नारायणपुर बाजार से संचालित होगी।

17 अक्टूबर से नारायणपुर बाजार से चलेगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 04163 नारायणपुर बाजार-दादरी सुपरफास्ट विशेष 17 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार, बुधवार और शनिवार को नारायणपुर बाजार से शाम 6 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन चुनार, मिर्जापुर, मेजा रोड और प्रयागराज होते हुए अगले दिन सुबह 7:15 बजे दादरी पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04164 दादरी-नारायणपुर बाजार सुपरफास्ट विशेष 16 अक्टूबर से 14 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को रात 10:15 बजे दादरी से रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 8:20 से 8:40 बजे प्रयागराज, मेजा रोड, मिर्जापुर और चुनार होते हुए 11:05 बजे नारायणपुर बाजार पहुंचेगी।

इन इलाकों के यात्रियों को मिलेगा फायदा

नारायणपुर बाजार से ट्रेन चलने का लाभ वाराणसी के बाहरी क्षेत्रों के साथ रामनगर, टेंगरा मोड़, रसूलगंज, बीएचयू, जिवनाथपुर, अहरौरा, मधुपुर, राबर्ट्सगंज, सोनभद्र और चोपन क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा। वहीं चुनार और मिर्जापुर में ठहराव के कारण मध्य प्रदेश की सीमा तक के यात्रियों को भी दिल्ली की ओर जाने के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।

मेजा रोड स्टेशन पर ठहराव शुरू होने से मांडा, सिरसा, कोरांव और भीरपुर क्षेत्र के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु भी इस ट्रेन का उपयोग कर सकेंगे।

दशहरा, दिवाली और छठ पर मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

रेलवे ने दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए ट्रेन का विस्तार किया है। रेलवे का कहना है कि इससे यात्रियों को सीटों की उपलब्धता बढ़ाने और मांग के अनुरूप रेल सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

21 कोच की होगी ट्रेन

इस विशेष ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआर, 5 सामान्य श्रेणी, 10 स्लीपर, 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा 1 वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल है। यानी यात्रियों को सामान्य से लेकर वातानुकूलित श्रेणी तक विभिन्न विकल्प उपलब्ध होंगे।

वहीं, 02417/02418 ट्रेन प्रयागराज-दादरी के बीच सप्ताह में चार दिन संचालित होगी। प्रयागराज से ट्रेन 15 अक्टूबर से 13 दिसंबर तक रविवार, सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को चलेगी, जबकि दादरी से वापसी सेवा 17 अक्टूबर से 17 दिसंबर तक बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को रहेगी।

रेलवे के अनुसार, भविष्य में अन्य ट्रेनों को भी नारायणपुर बाजार तक विस्तारित करने की योजना बनाई जा रही है। इससे बनारस, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और प्रयागराज के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।