महाप्रबंधक ने प्रयागराज–नारायणपुर बाजार रेलखंड का किया निरीक्षण, संरक्षा और यात्री सुविधाओं पर दिया जोर

महाप्रबंधक ने प्रयागराज नारायणपुर बाजार रेलखंड का किया निरीक्षण, संरक्षा और यात्री सुविधाओं पर दिया जोर

गैपुरा, मिर्जापुर और नारायणपुर बाजार स्टेशनों का लिया जायजा, चुनार चोपन रेललाइन की डीएफसीसीआईएल कनेक्टिविटी कार्यों की भी परखी प्रगति

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बुधवार को प्रयागराज नारायणपुर बाजार रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलपथ, परिचालन व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल परिचालन में संरक्षा, दक्षता और यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

महाप्रबंधक के साथ प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक शरद चंद्रायन, प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल सहित मंडल के विभिन्न शाखाधिकारी मौजूद रहे।

विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलपथ और ट्रैक की स्थिति, ओएचई, सिग्नलिंग एवं परिचालन व्यवस्था, पुल-पुलियों, समपार फाटकों तथा रेलवे की अन्य परिसंपत्तियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण और बेहतर अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि रेल परिचालन सुरक्षित और सुचारू बना रहे।

गैपुरा स्टेशन पर नई सुविधाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक गैपुरा स्टेशन पहुंचे और यहां नवनिर्मित स्टेशन भवन तथा यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं, उनके रखरखाव और यात्रियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी अधिकारियों से ली। साथ ही यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने मिर्जापुर स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां यात्री सुविधाओं का जायजा लेने के साथ भविष्य में यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित विस्तार और विकास कार्यों की योजनाओं की जानकारी ली।

नारायणपुर बाजार स्टेशन की सुविधाएं भी परखी

महाप्रबंधक ने नारायणपुर बाजार रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया और वहां यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने स्टेशन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और यात्रियों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

डीएफसीसीआईएल कनेक्टिविटी कार्यों की भी समीक्षा

निरीक्षण के अगले चरण में महाप्रबंधक ने चुनार?चोपन रेल लाइन से डीएफसीसीआईएल कनेक्टिविटी से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं का निरंतर विस्तार और परिसंपत्तियों का बेहतर अनुरक्षण जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संरक्षा, आधुनिक बुनियादी ढांचे, परिचालन दक्षता और यात्री सुविधा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।