रक्षाबंधन पर रोडवेज की बसों में उमड़ा यात्रियों का सैलाब, दो दिन में 5.05 लाख यात्रियों ने किया सफर

रक्षाबंधन पर रोडवेज की बसों में उमड़ा यात्रियों का सैलाब, दो दिन में 5.05 लाख यात्रियों ने किया सफर

मुरादाबाद क्षेत्र में बहनों को मिली सुविधा, 3.29 लाख यात्रियों ने शून्य किराये पर की यात्रा

मुरादाबाद। रक्षाबंधन पर्व पर बहनों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए परिवहन विभाग की तैयारियों का शानदार असर देखने को मिला। 27 और 28 अगस्त को दो दिनों में कुल करीब 5.05 लाख यात्रियों ने रोडवेज बसों से यात्रा की। इनमें लगभग 3.29 लाख यात्री शून्य टिकट यानी बिना किराया दिए यात्रा करने वाले रहे।

मुरादाबाद की क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने बताया कि यह आंकड़ा अभी अनुमानित है, क्योंकि कई रोडवेज बसें अभी भी अपने गंतव्य की ओर रास्ते में हैं। बसों के वापस लौटने और आंकड़ों के अपडेट होने के बाद यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है।

बहनों की यात्रा बनी आसान

रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में बहनों ने अपने भाइयों तक पहुंचने के लिए रोडवेज बसों का सहारा लिया। शून्य किराये की सुविधा से महिलाओं को काफी राहत मिली और बड़ी संख्या में बहनों ने इस सुविधा का लाभ उठाया।

क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बस संचालन पर लगातार निगरानी रखी गई। दो दिनों में लाखों यात्रियों की यात्रा रोडवेज की मजबूत व्यवस्था और बेहतर सेवा का प्रमाण है।

रक्षाबंधन पर रोडवेज की बसें बहनों को उनके भाई के घर तक पहुंचाने वाली खुशियों की सवारी बनीं। यात्रियों की भारी संख्या के बावजूद परिवहन विभाग की सक्रियता से पर्व के दौरान यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का प्रयास लगातार जारी रहा।