उमस के बीच श्रद्धालुओं की आस्था अडिग, त्रिकूट पर बादलों ने दी राहत

उमस के बीच श्रद्धालुओं की आस्था अडिग, त्रिकूट पर बादलों ने दी राहत

रक्षाबंधन के चलते भी जारी रही यात्रा,शाम चार बजे तक 10 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए बुधवार को श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने को मिला। उमस भरी गर्मी के बावजूद श्रद्धालु पूरे जोश के साथ भवन की ओर बढ़ते रहे। हालांकि, त्रिकूट पर्वत पर दिनभर छाए बादलों और बीच-बीच में चली ठंडी हवाओं ने यात्रियों को गर्मी से काफी राहत पहुंचाई। कटड़ा में जहां अधिकांश समय धूप खिली रही, वहीं भवन और त्रिकूट पर्वत क्षेत्र में बादलों की आवाजाही बनी रही।

मौसम में बदलाव के कारण कटड़ा से भवन के बीच हेलीकॉप्टर सेवा कुछ प्रभावित रही, लेकिन यात्रा मार्ग पर अन्य सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहीं। बैटरी कार, घोड़ा-पिट्ठू और पालकी जैसी सेवाओं का श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया। इन सुविधाओं के सहारे बुजुर्गों और जरूरतमंद यात्रियों को भी यात्रा में सहूलियत मिलती रही।

रक्षाबंधन के बाद बढ़ने की उम्मीद

रक्षाबंधन पर्व के कारण इन दिनों मां वैष्णो देवी की यात्रा में अपेक्षाकृत कमी दर्ज की जा रही है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 15 से 18 हजार श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा पहुंचकर माता के दर्शन के लिए यात्रा कर रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों और कारोबारियों को उम्मीद है कि रक्षाबंधन के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में फिर तेजी आएगी, जिससे कटड़ा के बाजारों में भी रौनक बढ़ेगी।

शाम चार बजे तक 10 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

बुधवार को शाम चार बजे तक करीब 10 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ माता के जयकारे लगाते हुए यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आए।

यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए आपदा प्रबंधन दल, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान यात्रा मार्ग पर तैनात रहे। सुरक्षा कर्मियों द्वारा लगातार मार्ग की निगरानी की जाती रही, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

मौसम पर प्रशासन की नजर

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल मां वैष्णो देवी की यात्रा बिना किसी बड़ी बाधा के जारी है। उमस और बदलते मौसम के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दे रही है। त्रिकूट की वादियों में बादलों की मौजूदगी ने यात्रा के माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया है।