मां वैष्णो देवी की यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 14 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

कटड़ा। रविवार को धर्मनगरी कटड़ा से मां वैष्णो देवी भवन की यात्रा सुचारू रूप से जारी रही। मौसम में बदलाव के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दी। दोपहर तीन बजे तक करीब 14 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां के भवन की ओर रवाना हो चुके थे।

रविवार तड़के भवन की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं को कुछ समय के लिए तेज बारिश का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बाद मौसम सामान्य हो गया। दिनभर आसमान में बादलों और सूर्यदेव के बीच लुकाछिपी चलती रही। त्रिकूट पर्वत की ऊंची चोटियों पर बादलों का जमघट रहा।

मौसम सामान्य रहने के कारण अधिकांश समय हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध रही। हालांकि, बीच-बीच में बादलों के कारण उड़ानों पर असर पड़ा, लेकिन अधिकतर समय कटड़ा से हेलीकॉप्टर उड़ानें संचालित होती रहीं। इससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।

घोड़ा, पिट्ठू और बैटरी कार सेवा का भी लिया लाभ

श्रद्धालु घोड़ा, पिट्ठू, पालकी और बैटरी कार सहित विभिन्न सुविधाओं का लाभ लेते हुए लगातार भवन की ओर बढ़ते रहे। मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन करने के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में भी हाजिरी लगा रहे हैं।

यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा के बाजारों में प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी करते नजर आए। इससे आधार शिविर कटड़ा के बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही।

यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत

बरसात के मौसम को देखते हुए यात्रा मार्ग पर आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान लगातार तैनात हैं। सभी विभागों की टीमें यात्रा मार्ग की निगरानी कर रही हैं, ताकि मौसम में अचानक बदलाव होने पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

रविवार को दोपहर तीन बजे तक करीब 14 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।