बिजली बहाल करने पहुंचे लाइनमैन से मारपीट, चार नामजद_सरकारी काम में बाधा का आरोप

बिजली बहाल करने पहुंचे लाइनमैन से मारपीट, चार नामजद_सरकारी काम में बाधा का आरोप

मोना गांव में फॉल्ट ठीक करने पहुंचे संविदा कर्मी को घेरकर गाली-गलौज व मारपीट का आरोप, जान से मारने की धमकी; विद्युत विभाग में आक्रोश, पुलिस ने शुरू की जांच

#हरदोई/सुरसा

.

सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम मोना में बिजली आपूर्ति बहाल करने पहुंचे विद्युत विभाग के संविदा लाइनमैन के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोगों ने लाइनमैन को सरकारी कार्य करने से रोका,गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है।

पीड़ित संविदा लाइनमैन सतेंद्र पुत्र छोटे उर्फ हेमंत ने थाना सुरसा में नामजद तहरीर देकर रोहित,अमन गुप्ता पुत्र रामओतार, सूरज यादव पुत्र सतीश तथा अनुज पुत्र भागवनदीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के मुताबिक, सतेंद्र 25 अगस्त 2026 को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सुरसा से ग्राम मोना में बिजली का फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान नामजद लोगों ने उन्हें सरकारी कार्य करने से रोक दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। कनिष्ठ अभियंता (जेई) बालमुकुंद राय ने कहा कि ऐसी घटनाओं से बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम प्रभावित होता है और इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि विद्युत कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में भी लोगों तक बिजली पहुंचाने का प्रयास करते हैं, ऐसे में ड्यूटी के दौरान उनके साथ मारपीट बेहद गंभीर मामला है।

विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हुई तो ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो सकता है।

फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

#DMHardoi #हरदो