पेट्रोलियम कंपनियों से संवाद कर रेल माल परिवहन बढ़ाने पर जोर

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) टीम ने पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों और डिपो प्रभारियों के साथ बैठक कर रेल मार्ग से पेट्रोलियम उत्पादों के परिवहन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा की। यह पहल मंडल में माल यातायात बढ़ाने और ग्राहकों को बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मंडल रेल प्रबंधक फिरोजपुर संजीव कुमार के सुचिपिंड अलावलपुर काला बकरा सेक्शन के निरीक्षण के दौरान बीडीयू टीम ने सुचिपिंड स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की साइडिंग का दौरा किया। इस दौरान टीम ने फ्रेट ग्राहकों एवं डिपो प्रभारियों के साथ बैठक की।

बैठक में पेट्रोलियम, ऑयल एवं लुब्रिकेंट्स उत्पादों के रेल परिवहन को बढ़ाने, भविष्य में माल यातायात की नई संभावनाओं तथा ग्राहकों की आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। टीम ने ग्राहकों के सुझाव भी सुने और उनकी जरूरतों के अनुरूप बेहतर एवं सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी, वाणिज्य निरीक्षक राजेश धीमान एवं गुड्स सुपरवाइजर मौजूद रहे।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल सुरक्षित, विश्वसनीय, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल रेल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ माल ढुलाई कारोबार को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। पेट्रोलियम कंपनियों के साथ इस तरह का संवाद रेल माल परिवहन को नई गति देने और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगा।