त्योहारों पर यात्रियों को राहत, कासगंज-मथुरा के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

बरेली। आगामी त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए कासगंज और मथुरा छावनी के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। विशेष ट्रेन के संचालन से इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

गाड़ी संख्या 05307/05308 कासगंज?मथुरा छावनी?कासगंज विशेष ट्रेन का संचालन कुल 11 फेरों में किया जाएगा। यह ट्रेन 27 से 29 अगस्त, 3 से 5 सितंबर, 14 से 15 सितंबर तथा 17 से 19 सितंबर 2026 तक निर्धारित तिथियों पर चलेगी।

गाड़ी संख्या 05307 कासगंज?मथुरा छावनी कासगंज से सुबह 9:50 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह मारहरा, अगसौली, सिकंदरा राव, रति का नगला, हाथरस जंक्शन, मेण्डू, हाथरस सिटी, मुरसान, सोनाई और राया स्टेशनों पर ठहरते हुए दोपहर 12:15 बजे मथुरा छावनी पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 05308 मथुरा छावनी?कासगंज मथुरा छावनी से शाम 5 बजे रवाना होगी। ट्रेन राया, सोनाई, मुरसान, हाथरस सिटी, मेण्डू, हाथरस जंक्शन, रति का नगला, सिकंदरा राव, अगसौली और मारहरा होते हुए रात 7:50 बजे कासगंज पहुंचेगी।

विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 12 सामान्य कोच/चेयर कार और दो एसएलआर समेत कुल 14 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। रेलवे प्रशासन की ओर से त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

रेलवे के इस कदम से कासगंज, हाथरस, मुरसान, राया और मथुरा क्षेत्र के यात्रियों को त्योहारों के दौरान आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।