दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में नए श्रम कानूनों पर कार्यशाला, अधिकारियों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कार्मिक विभाग, मुख्यालय की ओर से मंगलवार को एनईआई सभागृह, बिलासपुर में नए श्रम कानूनों को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय और बिलासपुर मंडल के प्रधान विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

कार्यशाला में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू मुख्य अतिथि रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. एच. श्रीनिवास (आईआरपीएस) ने अधिकारियों को नए श्रम कानूनों की जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. दर्शनीता बी. अहलूवालिया द्वारा मुख्य वक्ता और मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुई।

मुख्य अतिथि विजय कुमार साहू ने कहा कि बदलते समय में नए श्रम कानूनों की जानकारी और उनकी प्रासंगिकता को समझना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कानूनों के प्रावधानों को समझकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

मुख्य वक्ता डॉ. एच. श्रीनिवास ने नए श्रम कानूनों के प्रमुख प्रावधानों और महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जटिल विषयों को सरल भाषा में समझाते हुए अधिकारियों की विभिन्न जिज्ञासाओं का भी समाधान किया। इस दौरान कानूनों के व्यावहारिक पक्ष और उनके प्रभावी अनुपालन को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए श्रम कानूनों के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बेहतर समझ विकसित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में मुख्य वक्ता डॉ. एच. श्रीनिवास के प्रति आभार व्यक्त किया गया।