अंबिकापुर में विधिक माप विज्ञान विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8 प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण

अंबिकापुर। उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों में माप-तौल की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधिक माप विज्ञान विभाग ने बुधवार को अंबिकापुर शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में आकस्मिक निरीक्षण की कार्रवाई की। यह कार्रवाई नियंत्रक, विधिक माप विज्ञान के निर्देशानुसार एवं सहायक नियंत्रक के मार्गदर्शन में की गई निरीक्षण दल में विधिक माप विज्ञान विभाग के निरीक्षक सुजान सिंह, अंबिकापुर एवं निरीक्षक मुज़म्मिल अहमद, सूरजपुर शामिल रहे। टीम ने शहर के पेट्रोल पंप, ज्वेलरी प्रतिष्ठान, इलेक्ट्रॉनिक कांटा एवं खुदरा व्यापारिक प्रतिष्ठानों में माप-तौल से संबंधित नियमों के पालन की जांच की ,कार्रवाई के दौरान बाबरा पेट्रोलियम, अमर पेट्रोल पंप, कल्याण ज्वेलर्स, किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी, फीनिक्स इलेक्ट्रॉनिक कांटा, रिलायंस मार्ट, सेमको ज्वेलर्स एवं तनिष्क ज्वेलर्स सहित कुल 8 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में उपयोग किए जा रहे माप-तौल उपकरणों एवं इलेक्ट्रॉनिक कांटों की जांच की। साथ ही उपकरणों के नियमानुसार सत्यापन एवं मुद्रांकन तथा विधिक माप विज्ञान से जुड़े आवश्यक प्रावधानों के पालन की स्थिति का परीक्षण किया गया।पेट्रोल पंपों में पेट्रोलियम पदार्थों की माप एवं उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में सामग्री उपलब्ध कराने संबंधी व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। वहीं ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में आभूषणों की बिक्री के दौरान माप-तौल की शुद्धता तथा उपभोक्ता हितों से जुड़े प्रावधानों के अनुपालन को देखा गया।अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देशित किया कि सभी माप-तौल उपकरणों का नियमानुसार सत्यापन एवं मुद्रांकन कराया जाए तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा एवं सही माप में सामग्री उपलब्ध कराई जाए। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए इस प्रकार की आकस्मिक जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।