रेल संरक्षा में उत्कृष्ट कार्य के लिए अहमदाबाद मंडल के कर्मचारियों को सम्मान, संभावित हादसे टालने में निभाई अहम भूमिका

अहमदाबाद। रेल परिचालन में सतर्कता, सजगता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करने वाले अहमदाबाद मंडल के पांच रेल कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 24 अगस्त 2026 को आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मीणा के अनुसार, सम्मानित कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान रेल परिचालन से जुड़ी संभावित खामियों को समय रहते पहचान लिया और तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई। उनकी सतर्कता से संभावित दुर्घटनाओं और परिचालन में व्यवधान को टालने में मदद मिली।

ट्रेन में असामान्य झटका महसूस होते ही दी सूचना

लोको पायलट अजयसिंह आर. और सहायक लोको पायलट सुनील पटेल ने 13 मई को ट्रेन संख्या 14821 जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस में आबू रोड से साबरमती के बीच ड्यूटी के दौरान सरतो रोड और इकबालगढ़ के बीच ट्रेन में असामान्य झटका महसूस किया। दोनों ने तत्काल स्थिति की जानकारी नियंत्रण कार्यालय और स्टेशन अधिकारियों को दी। इसके बाद प्रभावित रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों को सावधानीपूर्वक 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से संचालित किया गया। उनकी सतर्कता से संभावित हादसे को टालने में महत्वपूर्ण मदद मिली।

लोकोमोटिव की टूटी स्प्रिंग समय रहते पकड़ी

सहायक लोको पायलट बंटी कुमार मीणा ने 21 मई को सूरत स्टेशन पर लोकोमोटिव की जांच के दौरान पहिए के ऊपर लगी द्वितीयक हेलिकल स्प्रिंग टूटी हुई पाई। उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जांच के बाद लोकोमोटिव को खराब घोषित कर दूसरा लोकोमोटिव लगाया गया और ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे रवाना किया गया। उनकी सजगता से गंभीर तकनीकी खराबी समय रहते सामने आ गई।

तकनीशियन की सतर्कता से टली तकनीकी परेशानी

तकनीशियन ग्रेड-1 सर्फरज ने 23 मई को साबरमती क्षेत्र में लोकोमोटिव की जांच के दौरान पहिए की टूटी प्राथमिक हेलिकल स्प्रिंग का पता लगाया। उन्होंने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद खराब स्प्रिंग को बदल दिया गया। समय रहते खराबी की पहचान होने से संभावित तकनीकी जोखिम को टाला जा सका।

ओवरहेड उपकरण की खराबी भी समय रहते पकड़ी

तकनीशियन ग्रेड-3 मेरा भाई ने 16 मई को जखवाड़ा-बाकरोल रेलखंड के बीच ओवरहेड विद्युत उपकरण की पैदल गश्त के दौरान महत्वपूर्ण खराबी देखी। निरीक्षण में दो कैटेनरी तारों के बीच लगा जी-जम्पर टूटा हुआ पाया गया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी, जिसके बाद आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की गई। उनकी सतर्कता से ओवरहेड विद्युत आपूर्ति में संभावित खराबी और रेल परिचालन में व्यवधान को रोकने में मदद मिली।

सतर्क कर्मचारी ही मजबूत रेल संरक्षा की पहली कड़ी

अहमदाबाद मंडल रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। मंडल अधिकारियों ने कहा कि ड्यूटी के दौरान छोटी से छोटी असामान्यता को पहचानना, तत्काल सूचना देना और समय पर कार्रवाई करना सुरक्षित रेल परिचालन की महत्वपूर्ण कड़ी है। सम्मानित कर्मचारियों की सजगता और कर्तव्यनिष्ठा अन्य रेलकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है।