मानसून में ट्रेनों की स्वच्छता को लेकर अहमदाबाद मंडल का विशेष अभियान, राजधानी एक्सप्रेस में कीट नियंत्रण शुरू

अहमदाबाद। मानसून के दौरान ट्रेनों में स्वच्छता और स्वास्थ्यकर वातावरण बनाए रखने के लिए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने ट्रेनों में सघन कीट एवं चूहा नियंत्रण अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस सहित मंडल की अन्य यात्री ट्रेनों में निर्धारित रखरखाव के दौरान विशेष रूप से निरीक्षण और उपचार किया जा रहा है।

ट्रेन संख्या 12957 स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस में यह विशेष अभियान 23 अगस्त से साबरमती स्थित एकीकृत कोचिंग डिपो में शुरू किया गया है। मानसून के दौरान कॉकरोच, चूहे और अन्य कीटों की समस्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रत्येक कोच का गहन निरीक्षण किया जा रहा है।

अभियान के दौरान उन स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां कीटों के छिपने या पनपने की संभावना रहती है। जरूरत के अनुसार ऐसे स्थानों पर विशेष उपचार और कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है। उपचार के बाद संबंधित स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर दोबारा उपचार भी किया जा रहा है।

अहमदाबाद मंडल की अन्य यात्री ट्रेनों में भी नियमित रूप से कीट एवं चूहा नियंत्रण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। निर्धारित रखरखाव के दौरान निरीक्षण, उपचार और निगरानी के माध्यम से ट्रेनों में कीटों की संभावित समस्या को रोकने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

यात्रियों की सुविधा और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता

अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना रेलवे की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। मानसून के दौरान कॉकरोच, चूहों और अन्य कीटों की समस्या को रोकने के लिए समय पर प्रभावी नियंत्रण और नियमित निगरानी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस में शुरू किया गया विशेष अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। निर्धारित रखरखाव के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्यकर वातावरण से जुड़े सभी मानकों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। अन्य यात्री ट्रेनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

अहमदाबाद मंडल का प्रयास है कि यात्रियों को ट्रेनों में स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का बेहतर अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।