बिजली बकाया वसूली में मुरादाबाद विद्युत विभाग की बड़ी सफलता

बिजली बकाया वसूली में मुरादाबाद विद्युत विभाग की बड़ी सफलता

1458 उपभोक्ताओं से 2 करोड़ रुपये की वसूली, बकाया वसूली अभियान को मिली रफ्तार

मुरादाबाद। विद्युत विभाग द्वारा बकाया बिजली बिलों की वसूली को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। लंबे समय से बिजली के बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से बकाया राशि की वसूली के लिए विभाग ने प्रभावी कार्रवाई तेज कर दी है।

मुरादाबाद में करीब 52,355 उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का बकाया चल रहा था। इनमें 10 हजार रुपये से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं पर पिछले छह माह में करीब 101 करोड़ रुपये की राशि बकाया हो गई थी।

अधीक्षण अभियंता गुलशन गोयल के निर्देशन में विभाग ने बकाया वसूली को प्राथमिकता देते हुए तीन सहायक अभियंताओं को अभियान में लगाया। टीमों द्वारा उपभोक्ताओं से संपर्क कर बकाया बिल जमा कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए।

इस अभियान का असर यह रहा कि 20 अगस्त तक 1458 उपभोक्ताओं से करीब 2 करोड़ रुपये की बकाया राशि जमा कराई जा चुकी है। विभाग की इस उपलब्धि से न केवल राजस्व वसूली को गति मिली है, बल्कि बिजली उपभोक्ताओं में समय से बिल भुगतान के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।

अधीक्षण अभियंता गुलशन गोयल ने कहा कि विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुविधाजनक तरीके से बकाया बिल जमा कराने के लिए प्रेरित करना है। बकाया वसूली अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि विद्युत व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं सुचारु बनाया जा सके।