500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरी का खुलासा, आरपीएफ टीम को 20 हजार का पुरस्कार

500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरी का खुलासा, आरपीएफ टीम को 20 हजार का पुरस्कार

जोधपुर डीआरएम ने की कार्यकुशलता की सराहना, उप निरीक्षक रमेश कुमार को मिलेगा ?मैन ऑफ द मंथ? सम्मान

जोधपुर। नागौर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्री का बैग चोरी होने के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करने वाली आरपीएफ टीम की उत्कृष्ट कार्यकुशलता की रेलवे अधिकारियों ने सराहना की है। टीम ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की और उसे उसी ट्रेन में सफर करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने आरपीएफ टीम की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ की प्रशंसा करते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा सहित पूरी टीम को बधाई दी। डीआरएम ने टीम के उत्कृष्ट कार्य के लिए 20 हजार रुपये का ग्रुप कैश अवॉर्ड स्वीकृत किया है। वहीं, मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नागौर आरपीएफ आउटपोस्ट के उप निरीक्षक रमेश कुमार को ?मैन ऑफ द मंथ? पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

कई शहरों की फुटेज खंगाली

मामले की जांच में सीआईबी जोधपुर, आरपीएफ नागौर और जीआरपी की संयुक्त टीम ने प्रभावी कार्रवाई की। टीम ने नागौर के साथ-साथ नोखा, देशनोक, बीकानेर, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, बठिंडा और फिरोजपुर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।

तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से टीम आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। लगातार निगरानी और जांच के बाद 18 अगस्त की रात आरोपी को ट्रेन संख्या 14804 जम्मूतवी एक्सप्रेस में लूणकरनसर और बीकानेर के बीच गिरफ्तार कर लिया गया।

यात्रियों की सुरक्षा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने आरपीएफ टीम की तत्परता, मेहनत और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की प्रभावी कार्रवाई से यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होता है। रेलवे सुरक्षा बल और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की सजगता यात्रियों के सामान और सुरक्षा की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

रेलवे अधिकारियों द्वारा टीम के सदस्यों को सम्मानित किए जाने से सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मचारियों का उत्साह बढ़ेगा और यात्रियों की सुरक्षा के लिए उनकी कार्यकुशलता को और मजबूती मिलेगी।