तकनीकी कार्य के चलते 7 अक्टूबर को जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत रद्द, छह ट्रेनों का संचालन प्रभावित

जोधपुर। दिल्ली सराय रोहिल्ला और आसपास के रेलवे स्टेशनों के बीच होने वाले तकनीकी कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में दिल्ली सराय रोहिल्ला-पटेलनगर-पालम स्टेशनों के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके कारण अक्टूबर में कई रेलसेवाओं के संचालन में बदलाव किया गया है।

जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार तकनीकी कार्य के कारण ट्रेन संख्या 26481/26482 जोधपुर-दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस 7 अक्टूबर को दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 14087 दिल्ली-जैसलमेर रूणिचा एक्सप्रेस 5 अक्टूबर तथा ट्रेन संख्या 14088 जैसलमेर-दिल्ली रूणिचा एक्सप्रेस 6 अक्टूबर को रद्द रहेगी।

जम्मूतवी-बाड़मेर एक्सप्रेस का बदला मार्ग

तकनीकी कार्य के चलते ट्रेन संख्या 14662 जम्मूतवी-बाड़मेर एक्सप्रेस 6 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन जम्मूतवी से रवाना होकर दिल्ली-रोहतक-भिवानी-रेवाड़ी होते हुए बाड़मेर पहुंचेगी। परिवर्तित मार्ग पर इस ट्रेन को भिवानी स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा।

वहीं ट्रेन संख्या 12323 हावड़ा-बाड़मेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जो 6 अक्टूबर को हावड़ा से रवाना होगी, उसे दिल्ली स्टेशन पर 15 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और मार्ग की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।