नए श्रम कानूनों को लेकर अहमदाबाद मंडल में जागरूकता सेमिनार, कर्मचारियों और ठेकेदारों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

अहमदाबाद। भारत के श्रम क्षेत्र में लागू किए गए व्यापक श्रम सुधारों की जानकारी रेलकर्मियों और संबंधित पक्षों तक पहुंचाने के उद्देश्य से अहमदाबाद मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा इंटरैक्टिव सेशन एवं जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। रेलवे बोर्ड एवं पश्चिम रेलवे मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित कार्यक्रम में नए श्रम कानूनों के प्रावधानों, उनके प्रभाव और अनुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में उप मुख्य श्रम आयुक्त वी. आर. गणेशन और सहायक श्रम आयुक्त विकास बिश्नोई की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सिद्धार्थ सहित मंडल के अधिकारी, कर्मचारी और रेलवे से जुड़े ठेकेदार उपस्थित रहे।

चार श्रम संहिताओं की दी गई जानकारी

सेमिनार में बताया गया कि भारत सरकार ने 29 केंद्रीय श्रम कानूनों को समाहित करते हुए चार व्यापक श्रम संहिताएं तैयार की हैं। इनका उद्देश्य श्रमिकों के अधिकारों और हितों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा का विस्तार, सुरक्षित एवं बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करना तथा श्रम कानूनों के अनुपालन को सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है।

कार्यक्रम में चार प्रमुख श्रम संहिताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई?

वेतन संहिता, 2019 के तहत न्यूनतम वेतन, समय पर वेतन भुगतान, लैंगिक समानता और बोनस सहित विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई।

औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 में ट्रेड यूनियन, औद्योगिक विवादों के समाधान और बेहतर औद्योगिक संबंधों से जुड़े प्रावधानों पर चर्चा हुई।

सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के तहत भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा, ग्रेच्युटी सहित सामाजिक सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों को समझाया गया।

वहीं व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता, 2020 के माध्यम से श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर कार्य परिस्थितियों से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।

सवालों का अधिकारियों ने दिया समाधान

इंटरैक्टिव सत्र के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों ने नए श्रम कानूनों के विभिन्न प्रावधानों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं और सवाल रखे। उप मुख्य श्रम आयुक्त श्री वी. आर. गणेशन एवं सहायक श्रम आयुक्त श्री विकास बिश्नोई ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए कानूनों के प्रभावी अनुपालन को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सिद्धार्थ ने श्रम कानूनों की बेहतर समझ विकसित करने और निर्धारित प्रावधानों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण की दिशा में पहल

अहमदाबाद मंडल का यह जागरूकता कार्यक्रम श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित कार्य वातावरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों और ठेकेदारों को नए श्रम कानूनों के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी मिलने के साथ ही कानूनी अनुपालन, श्रमिक हितों की सुरक्षा और बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।