साबरमती से कटरा जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी, ट्रेन 19223 का श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तार

अहमदाबाद। श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। पश्चिम रेलवे ने साबरमती और जम्मू तवी के बीच संचालित ट्रेन संख्या 19223 का विस्तार श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक कर दिया है। इसके साथ ही साम्बा, बाड़ी ब्राह्मण और शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है।

ट्रेन संख्या 19223 साबरमती?श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 18 अक्टूबर 2026 से प्रतिदिन साबरमती से सुबह 10:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:55 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19224 श्री माता वैष्णो देवी कटरा?साबरमती एक्सप्रेस 20 अक्टूबर 2026 से प्रतिदिन कटरा से सुबह 4:50 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:05 बजे साबरमती पहुंचेगी।

पालनपुर स्टेशन पर ट्रेन संख्या 19223 का आगमन दोपहर 1:20 बजे और प्रस्थान 1:22 बजे रहेगा। कटरा तक विस्तार होने से गुजरात और आसपास के क्षेत्रों से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधे कटरा तक रेल सुविधा मिलेगी।

दो अन्य ट्रेनों के समय में भी बदलाव

रेलवे ने ट्रेन संख्या 19415 साबरमती?श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस के समय में भी 25 अक्टूबर 2026 से संशोधन किया है। संशोधित समय के अनुसार जम्मू तवी पर ट्रेन का आगमन सुबह 4:05 बजे और प्रस्थान 4:15 बजे होगा, जबकि कटरा स्टेशन पर ट्रेन सुबह 6:25 बजे पहुंचेगी।

वहीं ट्रेन संख्या 12473 गांधीधाम?श्री माता वैष्णो देवी कटरा सर्वोदय एक्सप्रेस के समय में 24 अक्टूबर 2026 से बदलाव किया गया है। जम्मू तवी स्टेशन पर इसका आगमन दोपहर 2:32 बजे और प्रस्थान 2:37 बजे होगा।

ट्रेन संख्या 19223 और 12473 की बुकिंग 21 अगस्त 2026 से सभी आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। यात्री ट्रेनों के समय, ठहराव और अन्य जानकारी रेलवे की पूछताछ वेबसाइट पर देख सकते हैं।