एनएफ रेलवे ने शुरू किया तीन माह का सतर्कता जागरूकता अभियान, ईमानदारी और पारदर्शिता का दिया संदेश

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफ रेलवे) ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह की तैयारियों के तहत तीन माह का विशेष सतर्कता जागरूकता अभियान शुरू किया है। यह अभियान 17 अगस्त से 18 नवंबर 2026 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक आचरण को बढ़ावा देना तथा जनसेवा में सतर्कता के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

महाप्रबंधक ने दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ

अभियान के तहत एनएफ रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने मालीगांव स्थित एनएफ रेलवे मुख्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इसी क्रम में एनएफ रेलवे निर्माण के महाप्रबंधक आशीष बंसल के नेतृत्व में 20 अगस्त को मालीगांव स्थित महाप्रबंधक कार्यालय में भी शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

एनएफ रेलवे के सभी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों के साथ-साथ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सत्यनिष्ठा की शपथ लेकर कार्यप्रणाली में ईमानदारी एवं पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया।

भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति पर जोर

शपथ कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे के कामकाज के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना है। अभियान के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने और अपने कार्यों में उच्च नैतिक मानकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

वर्ष 2026 के सतर्कता जागरूकता सप्ताह का मुख्य विषय ?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? रखा गया है। इस विषय के माध्यम से सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता को विकास तथा बेहतर जनसेवा का आधार बनाने का संदेश दिया जा रहा है।

पदयात्रा के जरिए दिया जागरूकता का संदेश

अभियान के तहत एनएफ रेलवे मुख्यालय परिसर से वॉकथॉन एवं सतर्कता जागरूकता पदयात्रा भी निकाली गई। इसमें रेल अधिकारियों के साथ एनएफ रेलवे के स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पदयात्रा के माध्यम से रेलवे में सभी स्तरों पर ईमानदारी, पारदर्शिता, सतर्कता और जवाबदेही की संस्कृति को मजबूत करने का संदेश दिया गया। साथ ही रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त कार्य वातावरण तैयार करने में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

एनएफ रेलवे का यह तीन माह का अभियान स्वच्छ, पारदर्शी और जवाबदेह कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से रेल परिवार को ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के साथ जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।