एसबीआई रेलवे सैलरी पैकेज से दो दिवंगत रेल कर्मचारियों के परिवारों को मिली बड़ी आर्थिक मदद

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने रेलवे सैलरी पैकेज के तहत दो दिवंगत रेल कर्मचारियों के परिवारों को कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की बीमा दावा राशि प्रदान की। यह आर्थिक सहायता दिवंगत कर्मचारियों की पत्नियों को उपलब्ध कराई गई।

कार्मिक विभाग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिवंगत रेल कर्मचारी एवं पूर्व ट्रैक मेंटेनर स्वर्गीय मनहरण लाल कमल की पत्नी को 1 करोड़ 10 लाख रुपये तथा पूर्व ट्रैक मेंटेनर स्वर्गीय राज बहादुर थापा की पत्नी को 10 लाख रुपये की बीमा दावा राशि प्रदान की गई।

यह भुगतान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल और भारतीय स्टेट बैंक के बीच अक्टूबर 2024 में हुए समझौता ज्ञापन के तहत संचालित रेलवे सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत किया गया। योजना के माध्यम से एसबीआई में वेतन खाता रखने वाले रेल कर्मचारियों को विभिन्न निःशुल्क बीमा सुविधाओं के साथ कई वित्तीय लाभ उपलब्ध कराए जाते हैं।

कार्यक्रम में मंडल कार्मिक अधिकारी यू. एस. एस. राव, मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक (प्रभारी) आलोक कुमार सक्सेना, मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक राहुल मजूमदार, एसबीआई के रीजनल मैनेजर दीपक शेखर प्रेम, प्रबंधक अंकुश गुप्ता, टीना जोशी और मृत्युंजय वर्मा सहित रेलवे एवं बैंक के अधिकारी मौजूद रहे।

रेलवे सैलरी पैकेज का उद्देश्य रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। आकस्मिक अथवा दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में यह योजना कर्मचारियों के आश्रितों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। दो दिवंगत रेल कर्मचारियों के परिवारों को दी गई 1.20 करोड़ रुपये की बीमा सहायता कर्मचारी कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के प्रति रेलवे तथा एसबीआई की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।