त्योहारी सीजन में यात्रियों को राहत, रींगस-रेवाड़ी के बीच चलेगी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन

त्योहारी सीजन में यात्रियों को राहत, रींगस-रेवाड़ी के बीच चलेगी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन

12 फेरे लगाएगी विशेष रेलसेवा, रात में रींगस से रवाना होकर सुबह पहुंचेगी रेवाड़ी

जयपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए रींगस और रेवाड़ी के बीच एक्सप्रेस स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से त्योहारों के दौरान आने-जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09715 रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल रींगस से 22, 23, 29 और 30 अगस्त तथा 5, 6, 7, 12, 13, 19, 20 और 22 सितंबर 2026 को संचालित होगी। यह ट्रेन कुल 12 फेरे लगाएगी। रींगस से ट्रेन रात 11:55 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:00 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।

इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 09716 रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल 23, 24, 30 और 31 अगस्त तथा 6, 7, 8, 13, 14, 20, 21 और 23 सितंबर 2026 को चलेगी। यह ट्रेन रेवाड़ी से रात 8:20 बजे रवाना होकर रात 11:20 बजे रींगस पहुंचेगी।

11 डिब्बों के साथ चलेगी विशेष ट्रेन

रेलवे के अनुसार इस विशेष रेलसेवा में कुल 11 डिब्बे होंगे। इनमें 9 साधारण श्रेणी के डिब्बे और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे होने से त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन की तिथि और समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।