अहमदाबाद-असारवा के बीच रेलवे फाटक नंबर 1 सात दिन रहेगा बंद, वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे वाहन

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में अहमदाबाद और असारवा रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे फाटक नंबर 1 यानी असारवा फाटक को मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के चलते सात दिनों के लिए सड़क यातायात हेतु बंद किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, किमी 409/1-2 पर स्थित असारवा फाटक 20 अगस्त 2026 की सुबह 8 बजे से 26 अगस्त की शाम 8 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान फाटक पर ओवरहॉलिंग एवं आवश्यक रखरखाव कार्य किया जाएगा।

फाटक बंद रहने की अवधि में सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए चामुंडा ब्रिज और कालूपुर ब्रिज को वैकल्पिक मार्ग के रूप में निर्धारित किया गया है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे असारवा फाटक की ओर जाने के बजाय इन वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और मरम्मत कार्य को सुचारू रूप से पूरा कराने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।