मलबा गिरने से कालका–शिमला रेलखंड पर रुकी ट्रेन, सेना की मदद से यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाया

कालका। कालका?शिमला रेलखंड पर मंगलवार को पहाड़ी से मलबा गिरने के बाद रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल विशेष प्रबंध किए। गुम्मन?कोटी स्टेशनों के बीच करीब दोपहर 3:15 बजे पहाड़ी से मलबा आने की सूचना मिली। इसके बाद ट्रेन संख्या 52458 कालका?शिमला एक्सप्रेस को कोटी स्टेशन पर रोककर नियंत्रित किया गया। ट्रेन में करीब 172 यात्री सवार थे।

रेलवे ने ट्रैक से मलबा हटाने का काम प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया। लगातार बारिश और सड़कों पर भारी यातायात के कारण यात्रियों को आगे भेजने में चुनौती सामने आई। ऐसे में रेलवे अधिकारियों ने स्थानीय सेना के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर तीन सेना वाहनों की व्यवस्था कराई।

सेना के वाहन शाम करीब 6:10 बजे कोटी स्टेशन पहुंचे। यात्रियों की आगे की यात्रा और उनकी कनेक्टिंग ट्रेनों को ध्यान में रखते हुए सभी यात्रियों को सेना के वाहनों से सुरक्षित कालका रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया, जहां वे करीब 7:20 बजे पहुंचे।

कालका स्टेशन पर यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से पीने के पानी और जलपान की व्यवस्था की गई। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई।

रेलवे ने यात्रियों की समय पर मदद और सहयोग के लिए स्थानीय सेना अधिकारियों का आभार जताया। रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रतिकूल मौसम के बावजूद रेल सेवाओं के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।