अम्बाला मंडल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

अम्बाला मंडल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने किया ध्वजारोहण, आरपीएफ जवानों की परेड ने बांधा समां

अम्बाला। उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य समारोह मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रेल विहार, अम्बाला कैंट के परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद भाटिया रहे।

समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ?वंदे मातरम्? के गायन से हुआ। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। इस दौरान उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल की विशेष टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य परेड का निरीक्षण किया तथा सलामी ली। जवानों के अनुशासन और शानदार तालमेल ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

रेल विकास और यात्री सुविधाओं पर जोर

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने अम्बाला मंडल की हालिया उपलब्धियों, आधारभूत ढांचे के विकास और यात्री सुविधाओं के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मंडल में यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण, स्वच्छता, ट्रेनों के समयबद्ध संचालन और रेल सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रेलकर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण तथा स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने रेल अधिकारियों और कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा यात्रियों को बेहतर से बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

देशभक्ति कार्यक्रमों ने बांधा समां

?हर घर तिरंगा अभियान-2026? के तहत मंडल स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंडल सांस्कृतिक संगठन के कलाकारों और स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी सम्मानित

समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और टीमों को सामूहिक पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर मंडल रेल प्रबंधक ने हाल ही में जीर्णोद्धार किए गए रेलवे स्टेडियम ?तरंग? का औपचारिक अनावरण भी किया।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक देवी सिंह मीना, उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा एवं सदस्याएं, विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं संगठनों के पदाधिकारी, रेलकर्मी और उनके परिवारजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

अम्बाला मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।