लोको पायलटों के तनाव प्रबंधन के लिए अहमदाबाद मंडल की पहल, चार दिवसीय सामूहिक ध्यान सत्र शुरू

लोको पायलटों के तनाव प्रबंधन के लिए अहमदाबाद मंडल की पहल, चार दिवसीय सामूहिक ध्यान सत्र शुरू

अहमदाबाद। लोको पायलटों और रेल कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल की ओर से चार दिवसीय सामूहिक ध्यान सत्र का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 17 से 20 अगस्त 2026 तक साबरमती स्थित सामुदायिक भवन में आर्ट ऑफ लिविंग के अनुभवी प्रशिक्षकों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद वेद प्रकाश ने लोको पायलटों से संवाद करते हुए कहा कि रेल परिचालन में लोको पायलटों की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन करोड़ों यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके लिए शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक रूप से स्वस्थ और तनावमुक्त रहना भी बेहद जरूरी है।

उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि करीब तीन महीने पहले उनका वजन 122 किलोग्राम था, जिसे उन्होंने व्यस्त दिनचर्या के बावजूद आर्ट ऑफ लिविंग की तकनीकों को अपनाकर 92 किलोग्राम तक नियंत्रित किया। उन्होंने कहा कि शरीर और मन के बीच बेहतर संतुलन से जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत व्यक्ति को स्वयं से करनी चाहिए, जिसका प्रभाव आगे परिवार, समाज और संगठन पर भी पड़ता है।

ध्यान सत्र के दौरान प्रशिक्षक अल्पेश त्रिवेदी और नीलमबेन पटेल ने प्रतिभागियों को ध्यान के वैज्ञानिक और व्यावहारिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान से तनाव कम करने, भावनात्मक स्थिरता बढ़ाने और एकाग्रता विकसित करने में मदद मिलती है। इससे व्यक्ति नकारात्मक विचारों से ऊपर उठकर सकारात्मक सोच की ओर बढ़ सकता है।

साबरमती सामुदायिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसमें 100 से अधिक लोको पायलट भी शामिल हुए। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने शांत वातावरण में ध्यान का अभ्यास किया और मानसिक सुकून का अनुभव किया।

कार्यक्रम के दौरान आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर के ध्यान और सकारात्मक सोच से जुड़े प्रेरणादायी विचार भी प्रतिभागियों के साथ साझा किए गए।

अहमदाबाद मंडल के अनुसार, इस चार दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों को मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आत्मिक संतुलन की दिशा में प्रेरित करना है, ताकि वे कार्यस्थल के दबाव और दैनिक चुनौतियों का अधिक सहजता एवं आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। मंडल ने रेल कर्मचारियों से अपने दैनिक जीवन में ध्यान को अपनाने और ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।