अहमदाबाद मंडल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, 59 रेलकर्मी सम्मानित

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल तथा स्काउट एवं गाइड की संयुक्त परेड का निरीक्षण किया।

मंडल रेल प्रबंधक ने स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़ते हुए सभी रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में भारतीय रेल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और रेलकर्मी पूरी निष्ठा, मेहनत एवं समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं।

गुजरात में रेलवे विकास को मिली अभूतपूर्व गति

वेद प्रकाश ने अहमदाबाद मंडल की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि गुजरात में रेलवे विकास को पिछले वर्षों में अभूतपूर्व गति मिली है। वर्ष 2009-14 के दौरान गुजरात के लिए औसत वार्षिक रेलवे बजट करीब 589 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2026-27 में बढ़कर 17,366 करोड़ रुपये हो गया है। वर्तमान में गुजरात में करीब 1.28 लाख करोड़ रुपये के रेलवे कार्य प्रगति पर हैं।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 87 स्टेशनों का करीब 7,000 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। वर्ष 2014 से अब तक 2,900 किलोमीटर से अधिक नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं और 4,005 किलोमीटर से अधिक रेल मार्गों का विद्युतीकरण किया जा चुका है। गुजरात ने 100 प्रतिशत रेल विद्युतीकरण का लक्ष्य भी हासिल कर लिया है।

माल लदान में अहमदाबाद मंडल का शानदार प्रदर्शन

अहमदाबाद मंडल ने परिचालन, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना और माल परिवहन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडल ने 51.35 मिलियन टन का रिकॉर्ड माल लदान दर्ज किया और भारतीय रेल में आठवें सर्वाधिक लदान वाले मंडल का स्थान हासिल किया।

कंटेनर, नमक, ऑटोमोबाइल, उर्वरक और बेंटोनाइट के लदान में भी मंडल ने शानदार प्रदर्शन किया। अहमदाबाद-सरखेज-धोलेरा सेमी हाई-स्पीड डबल लाइन परियोजना के लिए 20,667 करोड़ रुपये की मंजूरी भी मंडल की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।

सुरक्षा और अधोसंरचना पर विशेष जोर

रेल संचालन को और सुरक्षित बनाने के लिए मंडल में 10 स्थायी गति प्रतिबंध हटाए गए, 139 समपार फाटकों को समाप्त किया गया और 136 किलोमीटर रेलखंड पर गति बढ़ाई गई। इसके अलावा 30 आरओबी/आरयूबी तथा 53 पुलों का निर्माण पूरा किया गया। करीब 376 किलोमीटर सुरक्षा फेंसिंग का कार्य भी किया गया।

गांधीधाम-आदिपुर और सामाख्याली-भचाऊ चौहरीकरण कार्य पूरे किए गए। साथ ही 169 किलोमीटर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग तथा विभिन्न कनेक्टिविटी कार्यों को भी चालू किया गया।

यात्रियों को मिल रहीं आधुनिक सुविधाएं

यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए मंडल में करीब 1,814 करोड़ रुपये का निवेश किया गया। नई लिफ्ट और एस्केलेटर, अहमदाबाद स्टेशन पर आधुनिक वातानुकूलित प्रतीक्षालय तथा नई रेल सेवाओं के माध्यम से यात्रियों की सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है।

असारवा-उदयपुर वंदे भारत, भुज-दिल्ली तथा साबरमती-लालगढ़ दैनिक एक्सप्रेस जैसी सेवाएं शुरू की गईं। यात्री राजस्व ने मंडल के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। टिकट जांच से 31.8 करोड़ रुपये और गैर-किराया राजस्व से 14.58 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड आय प्राप्त हुई।

नवाचार में भी मंडल आगे

अहमदाबाद मंडल ने नवाचार के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। साबरमती में भारतीय रेल की पहली एलएनजी-डीजल दोहरे ईंधन वाली डेमू पहल, गांधीधाम में स्टेनलेस स्टील साल्ट कंटेनर का उपयोग, आरयूबी में जलभराव की सेंसर आधारित निगरानी, कांकरिया डिपो में ट्रेन शौचालय सफाई की सेंसर आधारित निगरानी तथा ड्रोन पेट्रोलिंग जैसी पहल उल्लेखनीय हैं।

59 रेलकर्मियों को किया गया सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह का विशेष आकर्षण विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 59 रेलकर्मियों का सम्मान रहा। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अहमदाबाद की ओर से कैंसर से पीड़ित रेलकर्मी धर्मेन्द्र सिंह, तकनीशियन प्रथम, अहमदाबाद को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

देशभक्ति कार्यक्रमों ने बांधा समां

समारोह के दौरान आजादी के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आसमान में उड़ाकर स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया गया। आरपीएफ डॉग स्क्वॉड ने सुरक्षा कौशल, विस्फोटक एवं मादक पदार्थों की पहचान से संबंधित अभ्यास का जीवंत प्रदर्शन किया।

मंडल की सांस्कृतिक टीम ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों और नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं छोटे बच्चों की देशभक्ति पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

अहमदाबाद मंडल के साबरमती, पालनपुर, महेसाणा, गांधीधाम सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों, कार्यशालाओं और डिपो में भी स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।

समारोह में महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, अपर मंडल रेल प्रबंधक मंजू मीणा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास गढ़वाल, वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त अंशुमान त्रिपाठी सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सिद्धार्थ ने सभी का आभार व्यक्त किया।

अहमदाबाद मंडल की ये उपलब्धियां सुरक्षित रेल संचालन, आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी, नवाचार और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को मजबूत करती हैं।