हरदोई में अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, शव मंगोलापुर में फेंका, आरोपी पति गिरफ्तार

हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम मंगोलापुर में महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या उसके पति ने अवैध संबंधों के शक में की थी। पुलिस ने नामजद आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान ने बताया कि 15 अगस्त 2026 को कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम मंगोलापुर में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव की पंचायतनामा कार्रवाई पूरी कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
मृतका की पहचान कोमल पत्नी सत्यपाल, निवासी लालपालपुर, थाना कोतवाली शहर, हरदोई के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। परिजनों ने बताया कि कोमल और उसके पति सत्यपाल के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी सत्यपाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी और शव को मंगोलापुर में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।