बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गूंजा वंदे मातरम्, आरपीएफ बैंड की शानदार प्रस्तुति ने बांधा समां

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गूंजा वंदे मातरम्, आरपीएफ बैंड की शानदार प्रस्तुति ने बांधा समां

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ और स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर हुआ भव्य आयोजन

बिलासपुर। वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 15 अगस्त की शाम स्टेशन के वीआईपी गेट नंबर-2 के सामने स्थित डोम परिसर में रेलवे सुरक्षा बल की ब्रास बैंड टीम ने शानदार प्रस्तुति देकर यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया।

शाम 6:45 बजे से रात 8 बजे तक चले कार्यक्रम में आरपीएफ बैंड टीम ने देशभक्ति गीतों और मधुर राष्ट्रभक्ति धुनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बैंड की धुनों पर ?वंदे मातरम्?, ?दिल दिया है जान भी देंगे?, ?ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम?, ?कदम कदम बढ़ाए जा?, ?ऐ मेरे वतन के लोगों?, ?आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की?, ?ये देश है वीर जवानों का? और ?सारे जहां से अच्छा? जैसे लोकप्रिय देशभक्ति गीतों ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा विशिष्ट अतिथि रहीं। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों, मंडल एवं मुख्यालय के अधिकारियों, रेलवे कर्मचारियों, शासकीय रेलवे पुलिस के जवानों, यात्रियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

आरपीएफ बैंड की जोशीली प्रस्तुतियों के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। यात्रियों और नागरिकों ने बैंड टीम की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया और कलाकारों की शानदार प्रस्तुति की सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई। इस दौरान पूरा रेलवे स्टेशन परिसर राष्ट्रगौरव और देशभक्ति की भावना से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम के दौरान रेलवे परिसर में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था भी सुचारू रही और आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।