बिलासपुर स्टेशन पर चला सघन टिकट चेकिंग अभियान, 396 मामलों में कार्रवाई

बिलासपुर। रेलवे राजस्व की सुरक्षा और बिना टिकट तथा अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर मंडल में लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 अगस्त को बिलासपुर स्टेशन पर विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक और टिकट जांच कर्मचारियों की टीम ने बिलासपुर स्टेशन के साथ यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में सघन जांच की।

अभियान के दौरान 396 मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 3 लाख 12 हजार 240 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा के 283 मामलों से 2 लाख 47 हजार 790 रुपये, अनियमित टिकट के 86 मामलों से 61 हजार 560 रुपये तथा बिना बुक किए गए सामान के 27 मामलों से 2 हजार 890 रुपये की वसूली शामिल है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले निर्धारित टिकट अवश्य लें। स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट का उपयोग करें। साथ ही रेलवे परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा गंदगी फैलाने और धूम्रपान जैसी गतिविधियों से बचें।