सातवां नीरा आर्य पुरस्कार पांच गायों को सामूहिक रूप से देने की घोषणा

बागपत /अंकित कुमार
खेकड़ा। स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ पर नीरा आर्य स्मारक एवं पुस्तकालय, खेकड़ा में यज्ञ किया गया और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर हरबीर सिंह ने कहा कि नीरा आर्य राष्ट्रीय पुरस्कार की राशि 21 हजार रुपए से बढ़ाकर 51 हजार रुपए कर दी गई और इस बार नीरा आर्य पुरस्कार किसी व्यक्ति को न देकर हरिद्वार स्थित कन्या वैदिक गुरुकुल की पांच गायों को प्रदान किया जाएगा, क्योंकि उन गायों के दूध से बलिष्ठ होकर गुरुकुल की बालिकाएं वेदों का अध्ययन कर रही हैं। 51 हजार रुपए की धनराशि से गायों के लिए चारा खरीदा जाएगा।
इस अवसर पर नीरा आर्य स्मारक में संस्थान के प्रबंधक हरबीर सिंह, मदन सिंह, हरेंद्र, गबदे, कल्लू, अब्दुल करीम, इकरामुद्दीन, यामीन, नूरदीन, मोनू, राजीन्द्र, रामकुमार, कुमारी निकिता, कुमारी रेखा, कुमारी संजना आदि ने नीरा आर्य को श्रद्धांजलि दी।
इससे पहले यह पुरस्कार अभिनेता अखिलेश पांडे, सावन वर्मा, काजल शर्मा, पवन यदुवंशी, आयुष शर्मा इत्यादि 6 विजेताओं को दिया जा चुका है, लेकिन सातवां पुरस्कार किसी व्यक्ति विशेष को न देकर गायों को देने का निर्णय लिया गया है। यह पुरस्कार प्रतिवर्ष उत्कृष्ट देशभक्तिपूर्ण कार्य के लिए दिया जाता है। निर्णायक समिति की अध्यक्षा मधु धामा कहना है कि इस बार उनकी दृष्टि में गायों ने चारे के अभाव में भी गुरुकुल की ब्रह्मचारियों के लिए उत्तम दूध प्रदान किया है, इसलिए इस बार इसकी विजेता गौ माताएं ही हैं।