स्वतंत्रता दिवस पर जिला कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने फहराया तिरंगा, गूंजे देशभक्ति के जयघोष

बैकुंठपुर,। आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, बैकुंठपुर में हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने राष्ट्रध्वज फहराकर राष्ट्रीय धुन के साथ तिरंगे को सलामी दी।ध्वजारोहण के पश्चात जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने उपस्थित कांग्रेसजनों एवं आम नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज का संदेश भी वाचन किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति और समाज के विकास के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंद एवं अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर उपस्थितजनों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा और उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह संपन्न हुआ।