स्वतंत्रता दौड़ में विधायक भैयालाल राजवाड़े बोले—तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक, देशप्रेम से बढ़कर कोई प्रेम नहीं

बैकुंठपुर।80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कोरिया जिला देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। पुलिस लाइन बैकुंठपुर से रामानुज मिनी स्टेडियम तक आयोजित जिलास्तरीय स्वतंत्रता दौड़ में हजारों जिलेवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति से ओत-प्रोत तख्तियां थामे प्रतिभागियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ दौड़ लगाई।रामानुज मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता के लिए वीर जवानों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उन्होंने कहा कि देशप्रेम से बढ़कर कोई प्रेम नहीं है और हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को हमेशा याद रखते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य करना चाहिए। स्वतंत्रता दौड़ में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक श्री हरिश राठौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेंद्र श्रीवास, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, गणमान्य नागरिक श्री देवेंद्र तिवारी, श्री शैलेश शिवहरे, श्री कृष्ण बिहारी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस जवान, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी शामिल हुए।

बारिश में भी नहीं थमा देशप्रेम का जोश

मिनी स्टेडियम में विधायक भैयालाल राजवाड़े जब उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे, तभी हल्की बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद छात्र-छात्राओं और प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ। विद्यार्थी पूरे अनुशासन के साथ हाथों में तिरंगा थामे अपने स्थान पर डटे रहे। उनके चेहरों पर देशभक्ति का जोश और तिरंगे के प्रति सम्मान साफ नजर आया। कुछ देर बाद बारिश थमने के साथ कार्यक्रम पुनः उत्साहपूर्वक आगे बढ़ा।

वंदे मातरम्? के जयघोष से गूंजा परिसर

कार्यक्रम के दौरान ?वंदे मातरम्? के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वंदे मातरम् ने लोगों में मातृभूमि के प्रति प्रेम, स्वाभिमान, एकता और स्वतंत्रता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता दौड़ के दौरान भी इसी राष्ट्रीय भावना की झलक देखने को मिली। तिरंगा हाथों में लेकर दौड़ते हजारों लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन में देशभक्ति, एकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।