स्वतंत्रता दिवस पर मध्य रेल में होंगे देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम, 90 हजार कर्मचारियों को बांटा जाएगा तिरंगा

मुंबई। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर मध्य रेल की ओर से विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 15 अगस्त को मध्य रेल मुख्यालय और मंडल मुख्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद अधिकारियों-कर्मचारियों को संबोधन, रेल सुरक्षा बल की परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर रेल सुरक्षा बल के डॉग स्क्वाड की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। करीब 10 मिनट की इस प्रस्तुति में फायर हर्डल जंप, भारतीय ध्वज की पहचान और अन्य गतिविधियां शामिल होंगी। डॉग स्क्वाड में सिम्बा, चार्ली, बॉन्ड, टीपू, स्नूफी, मैनी, उमि और हैप्पी शामिल होंगे। ट्रैकर डॉग हैप्पी ने वर्ष 2025 की अखिल भारतीय पुलिस मीट डॉग स्क्वाड प्रतियोगिता में तीसरा पुरस्कार हासिल किया था।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रेल सुरक्षा बल बैंड भी यात्रियों और आम जनता में देशभक्ति की भावना जगाएगा। 12 अगस्त को दादर, 14 अगस्त को भायखला और 15 अगस्त को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन पर शाम छह बजे से विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। बैंड द्वारा ?ऐ मेरे वतन के लोगों?, ?जय हो?, ?जय जय महाराष्ट्र माझा? और ?सारे जहां से अच्छा? सहित देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा ?वंदे मातरम्?, राष्ट्रगान और रेल सुरक्षा बल का शीर्षक गीत भी प्रस्तुत किया जाएगा।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा

14 अगस्त को मध्य रेल के विभिन्न स्थानों पर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। मुंबई मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ठाणे, वाशी और पनवेल स्टेशनों पर विभाजन से संबंधित तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सीएसएमटी पर विभाजन की थीम पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया जाएगा।

90 हजार से अधिक रेल कर्मचारियों को मिलेगा तिरंगा

मध्य रेल की ओर से 9 से 17 अगस्त तक ?हर घर तिरंगा? अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत निबंध, स्लोगन लेखन, चित्रकला, रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा, साइकिल और बाइक रैली समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत 90 हजार से अधिक रेल कर्मचारियों को राष्ट्रीय तिरंगा वितरित किया जाएगा, जिसे कर्मचारी अपने घरों पर फहराएंगे।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर यूनेस्को विश्व धरोहर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस भवन को तिरंगे की रोशनी से सजाया जाएगा। तिरंगे की रोशनी में जगमगाता ऐतिहासिक भवन स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भव्य बनाएगा।