भारी बारिश और भूस्खलन से कांगड़ा नैरो गेज रेल सेवा प्रभावित, चार ट्रेनें रद्द

भारी बारिश और भूस्खलन से कांगड़ा नैरो गेज रेल सेवा प्रभावित, चार ट्रेनें रद्द

जम्मू। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और रेल पटरियों पर पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरो गेज रेलखंड पर कुछ ट्रेन सेवाओं का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित किया गया है। रेलवे प्रशासन ने 13 अगस्त को पठानकोट-बैजनाथ पपरोला खंड पर चलने वाली चार ट्रेन सेवाओं को अग्रिम आदेश तक रद्द कर दिया है।

रेलवे के अनुसार 13 अगस्त को गाड़ी संख्या 52467, 52470, 52474 और 52465 का संचालन रद्द रहेगा। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के परिचालन में आंशिक बदलाव किया गया है।

आंशिक रूप से समाप्त होगी ट्रेन:

गाड़ी संख्या 52464 बैजनाथ पपरोला-ज्वालामुखी रोड अब ज्वालामुखी रोड के बजाय कोपर लहर रेलवे स्टेशन तक ही संचालित होगी।

आंशिक रूप से शुरू होगी ट्रेन:

गाड़ी संख्या 52469 ज्वालामुखी रोड-बैजनाथ पपरोला का संचालन अब कोपर लहर रेलवे स्टेशन से शुरू किया जाएगा।

युद्ध स्तर पर चल रहा ट्रैक सुधार कार्य

भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित रेलखंड में रेलवे का इंजीनियरिंग विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ट्रैक पर गिरे पत्थरों को हटाने और रेल परिचालन को सामान्य करने के लिए मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।

इंजीनियरिंग विभाग के सीनियर डीईएन शुभम पवार ने बताया कि प्रभावित रेलखंड की लगातार निगरानी की जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

वहीं सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की पुष्टि रेलवे की आधिकारिक सूचना और पूछताछ केंद्रों के माध्यम से अवश्य कर लें।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि मौसम और ट्रैक की स्थिति सामान्य होते ही रेल सेवाओं को नियमानुसार बहाल किया जाएगा।