आरआरबी ग्रुप-डी परीक्षा के अभ्यर्थियों को राहत, मऊ-बरेली के बीच चलेगी 12 फेरे अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन

रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की लेवल-1 (ग्रुप-डी) कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने मऊ-बरेली-मऊ अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 05185 मऊ-बरेली अनारक्षित परीक्षा स्पेशल का संचालन 8, 9, 10, 11, 12, 13, 16, 17, 18, 19, 20 और 24 अगस्त 2026 को किया जाएगा। वहीं गाड़ी संख्या 05186 बरेली-मऊ अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 9, 10, 11, 12, 13, 14, 17, 18, 19, 20, 21 और 25 अगस्त 2026 तक संचालित होगी।

यह विशेष ट्रेन मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, अयोध्या धाम जंक्शन, अयोध्या कैंट, बादशाह नगर, डालीगंज, सीतापुर, लखीमपुर, गोला गोकरननाथ, मैलानी, पूरनपुर, पीलीभीत, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी और बरेली सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे बड़ी संख्या में परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में 16 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 14 सामान्य द्वितीय/शयनयान श्रेणी के कोच तथा 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे।

पूर्वोत्तर रेलवे ने अभ्यर्थियों से समय पर स्टेशन पहुंचने और यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की है। यह विशेष ट्रेन परीक्षा अवधि में अतिरिक्त यात्री दबाव को कम करने और अभ्यर्थियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।