अमृतसर रेलवे स्टेशन पर गूंजा देशभक्ति का संदेश, स्काउट-गाइड टीम ने किया नुक्कड़ नाटक

अमृतसर। 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत अमृतसर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को मंडल के स्काउट एवं गाइड दल की ओर से स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से यात्रियों और आम नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया।

भारत सरकार की ओर से 9 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित नुक्कड़ नाटक में स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और देश के वीरों के बलिदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की प्रस्तुति ने स्टेशन पर मौजूद अधिकारियों, रेलकर्मियों और यात्रियों को भाव-विभोर कर दिया। पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।

नाटक का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और हर घर में तिरंगा फहराने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। इस दौरान यात्रियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और देशभक्ति के संदेश की सराहना की।

कार्यक्रम के अवसर पर स्टेशन अधीक्षक अक्षय पठानिया, वाणिज्य निरीक्षक बलविंदर सिंह गिल, हित निरीक्षक राजेश बब्बर सहित रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सभी रेलकर्मियों, उनके परिजनों, नागरिकों और विद्यार्थियों से ?हर घर तिरंगा? अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव और वीरों के बलिदान को याद करने का अवसर है। सभी लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और सम्मान के साथ मनाएं।

अमृतसर रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस नुक्कड़ नाटक ने यात्रियों के बीच देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया तथा ?हर घर तिरंगा? अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी संदेश दिया।