उर्वरक विक्रेताओं पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 44 दुकानों पर छापेमारी; 4 लाइसेंस निलंबित, 10 नमूने जांच को भेजे

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश एवं जिलाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार को जनपदभर में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 44 उर्वरक दुकानों का निरीक्षण कर स्टॉक का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर सहित सभी आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की।

जांच के दौरान कुल 10 उर्वरक नमूने संग्रहित किए गए, जबकि अनियमितताएं मिलने पर चार दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। इसके अलावा दो दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

उप कृषि निदेशक राम मिलन सिंह परिहार ने पूरनपुर क्षेत्र में वरुण खाद पेस्टीसाइड, किसान सेवा केंद्र एवं नूरी खाद भंडार से उर्वरकों के नमूने लिए। वहीं अभिलेख अपूर्ण मिलने पर पूर्णा खाद भंडार (सबलपुर खास), कृष्णा खाद भंडार (भगवंतापुर) एवं एके एग्रो ट्रेडर्स (जरा कोठी) के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

जिला कृषि अधिकारी विनीत कुमार ने अमरिया क्षेत्र में दो उर्वरक नमूने लिए। जांच के दौरान रेट बोर्ड एवं अभिलेखों में अनियमितता मिलने पर गुरु रामदास खाद भंडार का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया। इसके अतिरिक्त बीसलपुर एवं कलीनगर क्षेत्र में भी विभिन्न उर्वरकों के नमूने लिए गए।

सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।