फलोज गाँव में ज़मीनी विवाद और पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप : बड़े भाई ने लोहे के सरिये से हमला कर छोटे भाई की हत्या की, आरोपित गिरफ्तार

संवाददाता ? संतोष व्यास

डूंगरपुर। ज़मीनी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते एक बड़े भाई द्वारा अपने ही छोटे भाई पर लोहे के सरिये से जानलेवा हमला कर उसकी हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र स्थित फलोज गाँव का है। घटना के बाद हरकत में आई दोवड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

- लोहे के सरिये से सिर पर किया ताबड़तोड़ वार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 3 अगस्त 2026 की दोपहर लगभग 1:30 बजे की है। प्रार्थी पुष्पा पत्नी प्रेमजी पटेल निवासी आसेला ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि घटना के समय उनके छोटे भाई गोपाल उर्फ पप्पू पटेल के पुराने मकान को गिराने का काम चल रहा था। जब पुष्पा अपने भाई गोपाल से बातचीत कर रही थी, तभी उनका बड़ा भाई रतनलाल पुत्र हुका पटेल निवासी फलोज हाथ में लोहे का सरिया लेकर वहाँ पहुँचा और अचानक गोपाल के सिर पर जोरदार वार कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल गोपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रार्थी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच ज़मीनी विवाद को लेकर पहले भी रंजिश चली आ रही थी और पूर्व में भी हमले का प्रयास किया जा चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निकट सुपरविजन में दोवड़ा थानाधिकारी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

अनुसंधान और सघन तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने हत्या के मुख्य वांछित आरोपित रतनलाल पाटीदार पुत्र हुका पाटीदार, निवासी फलोज थाना दोवड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपित से गहन पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।