बिछीवाड़ा में स्काउट-गाइड का दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न

संवाददाता ? संतोष व्यास

डूंगरपुर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड स्थानीय संघ बिछीवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन एवं संगोष्ठी कार्यक्रम गुरुवार को बाइट भवन में उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीबीईओ एवं जिला सहायक कमिश्नर (स्काउट) जगदीश ने की, जबकि सीओ स्काउट भाविन सुथार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एएलटी कब भेरूलाल कटारा, दुष्यंत पंड्या और विश्रामलाल भगोरा मंचासीन रहे।

समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन व स्काउट प्रार्थना से हुआ। कार्यक्रम का संचालन सहायक सचिव मक्सीराम भगोरा ने किया। इस दौरान स्थानीय संघ सचिव सोहनलाल भगोरा ने सत्र 2025-26 का आय-व्यय ब्योरा तथा आगामी सत्र 2026-27 का प्रस्तावित बजट सदन के समक्ष रखा। वहीं, गाइडर प्रतीक्षा भावसार ने गत सत्र की उपलब्धियों का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए सीओ स्काउट भाविन सुथार, सीबीईओ जगदीश और पीईईओ दुष्यंत पंड्या ने स्काउटिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्काउटिंग बालकों में अनुशासन, सेवाभाव और नागरिकता के गुणों का विकास करती है। कार्यक्रम में ब्लॉक बिछीवाड़ा के विभिन्न पीईईओ एवं संस्था प्रधान हरिकिशन मीणा, पवित्र भगोरा, विश्राम भगोरा, अरविन्द पंड्या और लालशंकर भगोरा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर समर्पित स्काउटर घनश्याम नायक, शंकरलाल भगोरा, बसन्त ननोमा, नवीन पंडवाला तथा गाइडर प्रियंका कटारा, रीना कटारा, राधिका पाण्डोर, निकिता अहारी, हिमांशी यादव, अमरी मीणा और सुरता मीणा का विशेष सहयोग रहा। अधिवेशन में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बिछीवाड़ा व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मालमाथा की स्काउट-गाइड्स ने अनुशासित सहभागिता निभाई। अंत में एएलटी कब भेरूलाल कटारा ने आभार व्यक्त किया, जिसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान के साथ अधिवेशन का औपचारिक समापन हुआ।