सरोदा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई; अवैध नीम की लकड़ी से भरा बिना नंबरी ट्रैक्टर व क्रेन जब्त

कराडा के जंगलों से कटाई कर गुजरात ले जाई जा रही थी अवैध लकड़ियाँ

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। जिले में हरे वृक्षों की कटाई और अवैध लकड़ी तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन पृथ्वी' के तहत सरोदा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कराडा के जंगलों से अवैध रूप से काटी गई नीम की गीली लकड़ियों से भरा बिना नंबरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और लकड़ी लोड करने में इस्तेमाल की जा रही क्रेन को डिटेन किया है। इसके साथ ही मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

- गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई

सरोदा थानाधिकारी मय टीम द्वारा क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कराडा के जंगलों से हरे पेड़ों की अवैध कटाई कर लकड़ियों को परिवहन के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कराडा के जंगलों में दबिश दी। जाँच के दौरान एक बिना नंबरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से नीम की गीली लकड़ियों से भरी पाई गई। पास ही लकड़ियों को ट्रैक्टर में लादने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक क्रेन भी बरामद हुई।

- गुजरात ले जाने की थी योजना, वन विभाग को सौंपा मामला

पुलिस ने मौके से लक्ष्मण पुत्र भुरा कनीपा, निवासी गामडी देवकी थाना सरोदा को डिटेन किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि इन अवैध लकड़ियों को गुजरात ले जाने की योजना थी। पुलिस ने जब्तशुदा वाहनों व लकड़ी को थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग सागवाड़ा को सूचित कर दिया गया है। मामले में वन विभाग अग्रिम कार्यवाही करेगा।