भासौर में पुलिस की क्लस्टर मीटिंग आयोजित : साइबर ठगी, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक

ग्रामीणों ने उठाई रात्रिकालीन गश्त और त्योहारों पर पुलिस बल तैनात करने की मांग

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। जिले के ग्राम पंचायत भासौर में बुधवार को सागवाड़ा थाना पुलिस के तत्वावधान में एक विशेष क्लस्टर मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों, महिला एवं बाल सुरक्षा कानूनों तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

- साइबर ठगी और हनी ट्रैप से सतर्क रहने की अपील

बैठक को संबोधित करते हुए सागवाड़ा थाने के बिट प्रभारी हेड कांस्टेबल नवीन पाटीदार तथा बिट अधिकारी कांस्टेबल योगेश यादव ने वर्तमान में पनप रहे साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और हनी ट्रैप जैसे गंभीर अपराधों की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अनजान कॉल, मैसेज या लिंक से सावधान रहने और अपनी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की अपील की।

- पोक्सो एक्ट एवं नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक

महिला कांस्टेबल कीर्ति पाटीदार ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनों की जानकारी देते हुए पोक्सो एक्ट के कड़े प्रावधानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने नाबालिग लड़कों व लड़कियों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। साथ ही, उन्होंने अभिभावकों से विशेष अपील की कि वे अपने कम उम्र के बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचाएं, पावर बाइक या तेज रफ्तार वाहन न चलाने दें तथा स्टंटबाजी जैसी खतरनाक आदतों पर रोक लगाएं।

- रात्रिकालीन गश्त और त्योहारों पर पुलिस बल तैनात करने की मांग

संवाद के दौरान ग्रामीणों ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने तथा आगामी त्योहारों के दौरान पुलिस की विशेष मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग रखी। इस पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रशासक मानजी परमार, ग्राम विकास अधिकारी दिवेश व्यास, आमजन युवा शक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश जोशी, बीएलओ शांतिलाल ननोमा, मनोज पंड्या, नानजी पाटीदार, मणीलाल, रमेश पाटीदार, देवीलाल यादव, लक्ष्मीलाल जैन, प्रेमचंद यादव, कचरू यादव, प्रेमशंकर यादव, शकुंतला यादव, नीलम परमार सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।