मानवता की मिसाल: डोंबिवली स्टेशन पर टिकट कलेक्टर ने घायल महिला यात्री को गोद में उठाकर पहुंचाया सुरक्षित स्थान

मुंबई। मध्य रेल के डोंबिवली स्टेशन पर एक टिकट कलेक्टर ने अपनी संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए घायल महिला यात्री की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी इस मानवीय पहल की रेलवे ने सराहना की है।

मध्य रेल के अनुसार हेड टिकट कलेक्टर वृशाली सावंत जाधव 5 अगस्त 2026 को डोंबिवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-5 पर ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान 23 वर्षीय महिला यात्री पूजा ट्रेन से उतरते समय प्लेटफॉर्म पर गिर गईं। भीड़ अधिक होने के कारण पीछे से उतर रहे अन्य यात्री भी उनके ऊपर गिर पड़े, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उठने की स्थिति में नहीं थीं।

घटना को देखते ही वृशाली सावंत जाधव तुरंत महिला की सहायता के लिए पहुंचीं। उन्होंने स्टेशन उद्घोषक से लाइसेंसधारी हमाल बुलाने को कहा, लेकिन घायल महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए इंतजार करने के बजाय उन्होंने स्वयं महिला को अपनी गोद में उठाया और स्टेशन प्रबंधक के कार्यालय तक पहुंचाया। वहां से महिला को तत्काल उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल भेजा गया।

मध्य रेल ने वृशाली सावंत जाधव की त्वरित और मानवीय कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनके समय पर किए गए प्रयास से घायल यात्री को शीघ्र चिकित्सा सहायता मिल सकी।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय पूरी सावधानी बरतें तथा पहले उतरने वाले यात्रियों को उतरने दें। रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे समर्पित कर्मचारी रेलवे की सेवा भावना और मानवता के उत्कृष्ट उदाहरण हैं।