रेलवे की नई Ro-Ro भाड़ा नीति लागू, ट्रांसपोर्टरों को बड़ी राहत, माल ढुलाई होगी सस्ती और तेज

जम्मू। उत्तर रेलवे ने माल परिवहन को अधिक किफायती, सरल और प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से रोल-ऑन/रोल-ऑफ (Ro-Ro) सेवा के लिए नई भाड़ा नीति लागू कर दी है। नई व्यवस्था से ट्रांसपोर्टरों, उद्योगों, किसानों और व्यापारियों को परिवहन लागत में बड़ी राहत मिलेगी, वहीं जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में माल ढुलाई और अधिक सुगम होगी।

नई नीति के तहत अब 750 किलोमीटर तक की दूरी के लिए 1.45 रुपये प्रति टन-किलोमीटर, 750 से 2000 किलोमीटर तक की दूरी के लिए अधिकतम 1.30 रुपये प्रति टन-किलोमीटर तथा 2000 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 1.30 रुपये प्रति टन-किलोमीटर की दर से भाड़ा लिया जाएगा। न्यूनतम प्रभार योग्य वजन 45 टन या वास्तविक सकल वाहन वजन तथा न्यूनतम दूरी 50 किलोमीटर निर्धारित की गई है।

रेलवे ने ग्राहकों को राहत देते हुए Busy Season Surcharge (BSS) और Development Charge (DC) को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। इसके अलावा अब ट्रांसपोर्टरों को अनिवार्य ट्रैफिक देने, राउंड ट्रिप बुकिंग कराने और शॉर्टफॉल पर लगने वाली पेनल्टी से भी मुक्ति मिल गई है। नई नीति के तहत एकतरफा Ro-Ro सेवा की भी अनुमति दे दी गई है।

रेलवे के अनुसार इस नई व्यवस्था से माल ढुलाई में उल्लेखनीय बचत होगी। उदाहरण के तौर पर बड़ी ब्राह्मणा?बिजबिहाड़ा (241 किमी) मार्ग पर प्रति ट्रक भाड़ा 20,969 रुपये से घटकर 14,222 रुपये रह जाएगा, जिससे लगभग 47 प्रतिशत तक की बचत होगी।

नई नीति के तहत लोडिंग के लिए पहले मिलने वाला 3 घंटे का निःशुल्क समय बढ़ाकर 6 घंटे कर दिया गया है, जबकि अनलोडिंग के लिए भी 3 घंटे का मुफ्त समय मिलेगा। इससे माल की लोडिंग-अनलोडिंग तेज होगी और उद्योगों को समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंगल कहा कि संशोधित Ro-Ro नीति जम्मू-कश्मीर के लिए गेम चेंजर साबित होगी। इससे सड़क मार्ग की तुलना में रेल द्वारा माल परिवहन अधिक सस्ता और सुविधाजनक होगा, राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

रेलवे ने जम्मू-कश्मीर के व्यापारियों, किसानों और सड़क परिवहन संगठनों से अपील की है कि वे इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इच्छुक लोग अधिक जानकारी के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय, जम्मू से संपर्क कर सकते हैं। रेलवे का मानना है कि नई भाड़ा नीति देश में टिकाऊ, तेज और आधुनिक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।