उत्तर मध्य रेलवे की माल ढुलाई में शानदार उछाल, चार माह में 7.24 मिलियन टन फ्रेट लोडिंग, 7.6% की वृद्धि

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों (अप्रैल से जुलाई) में माल ढुलाई (फ्रेट लोडिंग) के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7.24 मिलियन टन माल का परिवहन किया है। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 6.73 मिलियन टन की तुलना में 7.6 प्रतिशत अधिक है।

रेलवे के अनुसार इस उपलब्धि में खाद्यान्न, सीमेंट और कंटेनर परिवहन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अप्रैल-जुलाई के दौरान खाद्यान्न लदान में रिकॉर्ड 70.3 प्रतिशत, कंटेनर परिवहन में 13 प्रतिशत तथा सीमेंट लदान में 11.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस अवधि में 1.35 मिलियन टन सीमेंट, 1.88 मिलियन टन अन्य वस्तुओं तथा 2.25 मिलियन टन पेट्रोलियम एवं तेल का परिवहन किया गया।

मंडलवार प्रदर्शन में प्रयागराज मंडल सबसे आगे रहा। यहां माल लदान में 30.1 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई और कुल लदान 2.29 मिलियन टन से बढ़कर 2.98 मिलियन टन पहुंच गया। इस सफलता में खाद्यान्न लदान में 257 प्रतिशत और सीमेंट लदान में 42.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी का अहम योगदान रहा।

वहीं झांसी मंडल ने 3.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3.28 मिलियन टन माल लदान किया, जबकि आगरा मंडल ने लगभग 1 मिलियन टन माल ढुलाई की। आगरा मंडल ने विशेष रूप से कंटेनर परिवहन में 33.3 प्रतिशत की सराहनीय वृद्धि दर्ज की।

रेलवे ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 22.98 मिलियन टन के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले उत्तर मध्य रेलवे पहले चार महीनों में ही 31.5 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर चुका है। रेलवे का कहना है कि माल परिवहन को और अधिक तेज, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने के लिए वैगनों की उपलब्धता, आधुनिक लॉजिस्टिक्स व्यवस्था और परिचालन दक्षता में लगातार सुधार किया जा रहा है।