आरआरबी परीक्षार्थियों के लिए बड़ी राहत: भारतीय रेलवे चलाएगा परीक्षा स्पेशल ट्रेनें

रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना और नियमित ट्रेनों पर बढ़ने वाली भीड़ को कम करना है।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 08181 टाटानगर?रामपुर बाजार परीक्षा स्पेशल 3 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तक तथा 9 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन शाम 7:30 बजे टाटानगर से रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 08182 रामपुर बाजार?टाटानगर परीक्षा स्पेशल 4 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक तथा 10 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक सुबह 10:00 बजे रामपुर बाजार से प्रस्थान करेगी। दोनों ट्रेनें 10-10 फेरों का संचालन करेंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए इन स्पेशल ट्रेनों में 16 कोच लगाए गए हैं। यात्रा के दौरान ट्रेन खड़गपुर जंक्शन, आंदुल, डानकुनी, बर्द्धमान जंक्शन, बोलपुर शांतिनिकेतन, रामपुरहाट, पाकुड़, न्यू फरक्का जंक्शन, मालदा टाउन, एकलाखी, बुनियादपुर और गंगारामपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी, जिससे विभिन्न क्षेत्रों के परीक्षार्थियों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन भारतीय रेलवे की यात्रियों और विशेष रूप से परीक्षार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और परेशानी मुक्त यात्रा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि यात्रा से पहले ट्रेन का समय और उपलब्धता अवश्य जांच लें तथा रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई गई अतिरिक्त सुविधा का लाभ उठाएं।