न्यू जलपाईगुड़ी यार्ड में आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली की कमीशनिंग, कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे न्यू जलपाईगुड़ी यार्ड में 26 से 28 जुलाई 2026 तक मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर (एमएसडीएसी) की कमीशनिंग करेगा। इस आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली से ट्रेन संचालन की सुरक्षा, विश्वसनीयता और दक्षता में सुधार होगा तथा व्यस्त रेल यार्ड में ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारु हो सकेगा। कमीशनिंग कार्य के दौरान कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।

रेलवे के अनुसार, 28 जुलाई को 55749/55750 न्यू जलपाईगुड़ी हल्दीबाड़ी न्यू जलपाईगुड़ी पैसेंजर पूरी तरह रद्द रहेगी। वहीं 22301 हावड़ा न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस केवल किशनगंज तक चलेगी और किशनगंज न्यू जलपाईगुड़ी खंड में रद्द रहेगी। इसी प्रकार 22302 न्यू जलपाईगुड़ी हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस किशनगंज से संचालित होगी तथा न्यू जलपाईगुड़ी किशनगंज के बीच नहीं चलेगी।

इसके अलावा 14037 सिलचर नई दिल्ली एक्सप्रेस, 12510 गुवाहाटी एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस और 13142 न्यू अलीपुरद्वार सियालदह एक्सप्रेस को निर्धारित समय से विलंब से रवाना किया जाएगा।

वहीं 20504/20505 और 12423/12424 राजधानी एक्सप्रेस तथा 20501 तेजस राजधानी एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग अलुआबाड़ी रोड ठाकुरगंज सिलीगुड़ी गुलमा के रास्ते चलाया जाएगा। ये ट्रेनें न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन को बाईपास करेंगी और सिलीगुड़ी जंक्शन पर अस्थायी ठहराव करेंगी।

इसके अतिरिक्त 15631 बाड़मेर गुवाहाटी एक्सप्रेस को लगभग 60 मिनट तक विनियमित किया जा सकता है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की समय-सारिणी और अद्यतन जानकारी की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।