कांकरादरा में 30 लाख की लागत से बनी सीसी सड़क का विधायक घोगरा ने किया लोकार्पण, ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से मिलेगी मुक्ति

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। क्षेत्रीय विकास की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए डूंगरपुर विधायक गणेश घोगरा ने मंगलवार को ग्राम पंचायत कांकरादरा में स्थानीय विधायक विकास मद से निर्मित नव-निर्मित सीसी सड़क का फीता काटकर एवं पट्टिका का अनावरण कर विधिवत लोकार्पण किया। कुल 30 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई इस आधुनिक सड़क से क्षेत्र के ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही कीचड़ और उबड़-खाबड़ रास्तों की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गणेश घोगरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कांकरादरा और आसपास के गांवों में सड़कों के सुदृढ़ीकरण से न केवल आवागमन सुलभ होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और जनजीवन को भी नई गति मिलेगी।

- कांकरादरा व चक महुड़ी के ग्रामीणों में उत्साह

समारोह के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक गणेश घोघरा का भव्य स्वागत किया। लोकार्पण कार्यक्रम में कांकरादरा और चक महुड़ी ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों ने 30 लाख की लागत से बनी इस गुणवत्तापूर्ण सड़क के निर्माण के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस मार्ग के बनने से बारिश के मौसम में होने वाली भारी दिक्कतों से हमेशा के लिए राहत मिल गई है। कार्यक्रम का समापन ग्रामीणों के उत्साहवर्धन और विकास कार्यों को निरंतर जारी रखने के संकल्प के साथ हुआ।